
दिनाँक: 25.05.2026
कुमायूँ गढ़वाल चैम्बर ऑफ कॉमर्स एण्ड इण्डस्ट्री (केजीसीसीआई) के अध्यक्ष, श्री पवन अग्रवाल द्वारा अवगत कराया गया कि केजीसीसीआई की स्थापना वर्ष 1987 में उत्तराखण्ड की स्थापना के पूर्व तत्कालीन उत्तर प्रदेश के कुमाऊँ एवं गढ़वाल मण्डल में उद्योगों की स्थापना एवं औद्योगिक विकास को गति प्रदान करने के उद्देश्य से की गयी थी। केजीसीसीआई तभी से क्षेत्र के औद्योगिक विकास में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। ज्ञातव्य हो कि उत्तराखण्ड के गठन के उपरान्त वर्ष 2003 में केन्द्र सरकार से उत्तराखण्ड के लिए विशेष औद्योगिक पैकेज की घोषणा कराने में केजीसीसीआई का महत्वपूर्ण योगदान रहा है।

केजीसीसीआई की राज्य एवं केंद्र सरकार की विभिन्न महत्वपूर्ण समितियों में प्रभावशाली उपस्थिति रही है। यह उद्योगों की एक सशक्त एवं प्रभावी प्रतिनिधि संस्था के रूप में कार्य करते हुए उद्योगों की समस्याओं के समाधान तथा उद्योग हितैषी नीतियों के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाता रहा है। केजीसीसीआई निरंतर उद्योगों के हितों की रक्षा, संरक्षण एवं उनके समग्र विकास के लिए प्रतिबद्ध है।

इसके अतिरिक्त, उद्योगों से संबंधित विभिन्न विषयों पर विशेषज्ञों के साथ सेमिनार, कार्यशालाओं एवं विचार-विमर्श कार्यक्रमों का आयोजन किया जाता है। इसके साथ ही, केजीसीसीआई द्वारा अपने सदस्यों को सरकारी नियमों, अधिसूचनाओं, नीतियों एवं अन्य महत्वपूर्ण जानकारियों से समय≤ पर अवगत कराया जाता है। ये सभी कार्य चैंबर के अनुभवी, दक्ष एवं पेशेवर पदाधिकारियों द्वारा अत्यंत व्यवस्थित रूप से संचालित किए जाते हैं।

केजीसीसीआई द्वारा लम्बे समय से यह महसूस किया जा रहा था कि गढ़वाल क्षेत्र के उद्योगों के विकास में आ रही समस्याओं और आवश्यकताओं के प्रभावी समाधान हेतु देहरादून में एक समर्पित गढ़वाल जोन चैप्टर की स्थापना अत्यन्त आवश्यक है। आज श्री सुबोध उनियाल, माननीय कैबिनेट मन्त्री, उत्तराखण्ड, श्री आर के सुधांशु, आई.ए.एस., अपर मुख्य सचिव, उत्तराखण्ड शासन एवं अन्य सम्मानित अतिथियों की गरिमामयी उपस्थिति में यह संकल्प साकार रूप ले चुका है।

देहरादून में केजीसीसीआई के गढ़वाल जोन चैप्टर की स्थापना उद्योगों एवं राज्य सरकार के मध्य बेहतर समन्वय एवं संवाद को और अधिक सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। हम गढ़वाल क्षेत्र में उद्योगों से संबंधित समस्याओं के समाधान तथा सकारात्मक एवं प्रगतिशील औद्योगिक वातावरण के निर्माण हेतु निरंतर कार्य करने के लिए प्रतिबद्ध हैं।

उद्योग न केवल राज्य के राजस्व एवं आर्थिक विकास में महत्वपूर्ण योगदान देते हैं, बल्कि स्थानीय लोगों के लिए बड़े स्तर पर रोजगार के अवसर भी सृजित करते हैं। इसलिए सरकार एवं उद्योगों के मध्य मजबूत एवं स्वस्थ संबंध बनाए रखना अत्यंत आवश्यक है।

कुमायूँ गढ़वाल चैम्बर ऑफ कॉमर्स एण्ड इण्डस्ट्री सदैव उद्योगों और सरकार के बीच एक सशक्त सेतु की भूमिका निभाता रहा है, जिससे सकारात्मक संवाद एवं सहयोग को बढ़ावा मिला है। केजीसीसीआई सदैव इसी समर्पण एवं प्रतिबद्धता के साथ सम्पूर्ण उत्तराखण्ड राज्य के उद्योगों के विकास, प्रगति एवं समृद्धि हेतु निरंतर कार्य करता रहेगा।

इस अवसर पर केजीसीसीआई के वरिष्ठ उपाध्यक्ष श्री रमेश कुमार मिड्ढा, महासचिव श्री नितिन अग्रवाल, चेयरमैन, गढ़वाल जोन श्री मनमोहन भारद्वाज, एवं अन्य उद्यमी उपस्थित थे।











