
02 जुलाई, 2026
कुमायूँ गढ़वाल चैम्बर ऑफ कॉमर्स एण्ड इण्डस्ट्री (केजीसीसीआई) की वार्षिक आम सभा चैम्बर हाउस, काशीपुर में गरिमापूर्ण एवं सफलतापूर्वक सम्पन्न हुई। इस अवसर पर चैम्बर के सदस्यों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए संगठन के वार्षिक कार्यों, उपलब्धियों एवं भावी योजनाओं पर विस्तृत चर्चा की।

कार्यक्रम का कुशल एवं प्रभावी संचालन चैम्बर के महासचिव, श्री नितिन अग्रवाल द्वारा किया गया, जिन्होंने सभा की कार्यवाही का संचालन सुव्यवस्थित एवं गरिमापूर्ण ढंग से सम्पन्न कराया।

कोषाध्यक्ष, श्री अंकित बंसल द्वारा वर्ष 2025-26 के आय-व्यय विवरण एवं लेखा-जोखा प्रस्तुत करते हुए चैम्बर की बैलेंस शीट से सदन को विस्तारपूर्वक अवगत कराया गया। उन्होंने वित्तीय स्थिति, आय-व्यय तथा विभिन्न वित्तीय मदों की जानकारी साझा करते हुए सदस्यों के समक्ष बैलेंस शीट का विस्तृत विवरण प्रस्तुत किया, जिसे सभा द्वारा अनुमोदित किया गया।

श्री पवन अग्रवाल ने कहा कि चैम्बर अध्यक्ष के रूप में आप सभी के सहयोग एवं मार्गदर्शन के परिणामस्वरूप मेरा वर्ष 2025-26 का कार्यकाल सफलतापूर्वक पूर्ण हो चुका है। इसके लिए मैं वर्ष 2025-26 की कार्यकारिणी के समस्त पदाधिकारियों व सदस्यों, निवर्तमान अध्यक्ष, श्री अशोक बंसल, सभी पूर्व अध्यक्षों एवं चैम्बर के समस्त सम्मानित सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त करता हूं।
मुझे यह अवगत कराते हुए अत्यन्त प्रसन्नता हो रही है कि विगत वर्षों की भांति इस वर्ष भी सभी सदस्यों के सक्रिय सहयोग के परिणामस्वरूप चैम्बर की विभिन्न गतिविधियाँ सम्पन्न हुई हैं। साथ ही गढ़वाल मण्डल में केजीसीसीआई के कार्यक्षेत्र के विस्तार एवं सदस्यता बढ़ाने हेतु देहरादून में केजीसीसीआई के गढ़वाल जोन की स्थापना की गयी है।
इस अवसर पर चैम्बर की वर्ष 2026-27 की कार्यकारिणी का निर्वाचन हुआ जिसमें निम्नलिखित पदाधिकारी एवं सदस्य चुने गये –
1. श्री विनीत कुमार संगल, अध्यक्ष
2. श्री रमेश कुमार मिड्ढा, वरिष्ठ उपाध्यक्ष
3. श्री अंकित बंसल, कोषाध्यक्ष
4. श्री अश्वनी छाबड़ा, महासचिव
सदस्य
5. श्री नितिन अग्रवाल
6. श्री विकास अग्रवाल
7. श्री भास्कर शर्मा
8. श्री बी वी श्रीधर
9. श्री संजय सिंह
10. श्री नरेश कुमार घई
11. श्री संजय कुमार अदलखा
12. श्री विवुध रावल
13. श्री आलोक कुमार गोयल
14. श्री दुर्गेश मोहन
15. श्री विनीत कुमार
16. श्री संजय कुमार सिंह
17. श्री राकेश कुमार अग्रवाल
18. श्री सुशील कुमार तुल्स्यान

ज्ञातव्य हो कि चैम्बर की कार्यकारिणी का कार्यकाल 01 जुलाई से 30 जून तक होता है।

नवनिर्वाचित अध्यक्ष, श्री विनीत कुमार संगल ने अपने संबोधन में कहा कि वे उद्योगों एवं व्यापार जगत की उन समस्याओं के समाधान को सर्वोच्च प्राथमिकता देंगे, जो अब तक लंबित हैं। उन्होंने विश्वास दिलाया कि नई कार्यकारिणी उद्योग एवं व्यापार के हितों की रक्षा के लिए पूरी निष्ठा एवं सक्रियता के साथ कार्य करेगी तथा चैम्बर को नई ऊँचाइयों तक पहुँचाने के लिए निरंतर प्रयासरत रहेगी।
उन्होंने कहा कि क्षेत्र के औद्योगिक विकास को गति देने के उद्देश्य से रेल एवं सड़क कनेक्टिविटी को सुदृढ़ बनाने, उद्योगों के लिए निर्बाध एवं गुणवत्तापूर्ण विद्युतापूर्ति सुनिश्चित कराने तथा उद्योगों के लंबित प्रोत्साहन (इंसेंटिव) दावों के शीघ्र भुगतान के लिए शासन एवं प्रशासन स्तर पर प्रभावी पहल की जाएगी।

चैम्बर के पूर्व अध्यक्ष, श्री विकास जिंदल ने अपने संबोधन में कहा कि उत्तराखण्ड के औद्योगिक विकास तथा उद्योगों की विभिन्न समस्याओं के प्रभावी समाधान के लिए सभी सदस्यों की सक्रिय सहभागिता एवं सामूहिक प्रयास अत्यंत आवश्यक हैं। उन्होंने सभी सदस्यों से चैम्बर की गतिविधियों में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान करते हुए कहा कि संगठन की एकजुटता एवं सहयोग से ही उद्योग एवं व्यापार जगत के हितों की प्रभावी ढंग से रक्षा की जा सकती है तथा विकास के नए आयाम स्थापित किए जा सकते हैं।

चैम्बर के पूर्व अध्यक्ष, श्री विजय कुमार जिंदल ने अपने संबोधन में कहा कि कुमायूँ गढ़वाल चैम्बर ऑफ कॉमर्स एण्ड इण्डस्ट्री (केजीसीसीआई) उत्तराखण्ड की अग्रणी औद्योगिक एवं व्यापारिक संस्था है, जिसने अपनी स्थापना से लेकर आज तक उद्योग एवं व्यापार जगत के हितों की रक्षा तथा उनके विकास के लिए निरंतर महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उन्होंने चैम्बर की स्थापना से लेकर वर्तमान तक की विकास यात्रा, प्रमुख उपलब्धियों एवं उद्योगों के हित में किए गए उल्लेखनीय कार्यों पर विस्तारपूर्वक प्रकाश डाला।

श्री आर. के. गुप्ता ने नव-निर्वाचित कार्यकारिणी एवं निवर्तमान कार्यकारिणी को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि हम सभी के लिए कुमायूँ गढ़वाल चैम्बर ऑफ कॉमर्स एण्ड इण्डस्ट्री (केजीसीसीआई) का सदस्य होना गर्व की बात है। उन्होंने कहा कि केजीसीसीआई प्रदेश की एक सशक्त एवं प्रतिष्ठित औद्योगिक संस्था है, जिसकी बात को शासन एवं प्रशासन गंभीरता से सुनता है तथा उद्योग एवं व्यापार से जुड़े विभिन्न मुद्दों के समाधान के लिए सकारात्मक पहल भी करता है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि नई कार्यकारिणी भी इसी परंपरा को आगे बढ़ाते हुए उद्योग एवं व्यापार जगत के हितों की प्रभावी ढंग से पैरवी करेगी।

श्री शरत गोयल ने अपने संबोधन में कहा कि उद्योगों की समस्याओं के त्वरित एवं प्रभावी समाधान के उद्देश्य से शासन द्वारा विकसित सिंगल विंडो सिस्टम के संचालन में वर्तमान समय में उद्यमियों को विभिन्न प्रकार की व्यावहारिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि इन कमियों के कारण उद्योगों से संबंधित कार्य समयबद्ध रूप से संपन्न नहीं हो पा रहे हैं। अतः उद्योग विभाग को सिंगल विंडो सिस्टम की कार्यप्रणाली में आवश्यक सुधार एवं सरलीकरण करते हुए इसे अधिक प्रभावी, पारदर्शी एवं उद्यमी-अनुकूल बनाया जाना चाहिए, ताकि उद्योगों को इसका वास्तविक लाभ प्राप्त हो सके।

श्री देवेन्द्र कुमार अग्रवाल ने अपने संबोधन में कहा कि यह अत्यंत गौरव एवं हर्ष का विषय है कि कुमायूँ गढ़वाल चैम्बर ऑफ कॉमर्स एण्ड इण्डस्ट्री (केजीसीसीआई) ने अपनी सफल एवं गौरवशाली यात्रा के 38 वर्ष पूर्ण कर लिए हैं। उन्होंने कहा कि चैम्बर की यह उपलब्धि सभी सदस्यों की एकजुटता, आपसी विश्वास, सहयोग एवं संगठन के प्रति समर्पण का परिणाम है।
उन्होंने सभी सदस्यों से आह्वान किया कि वे भविष्य में भी इसी प्रकार एकजुट होकर चैम्बर को निरंतर सशक्त बनाने, उद्योग एवं व्यापार जगत के हितों की रक्षा करने तथा संगठन को नई ऊँचाइयों तक पहुँचाने के लिए परस्पर सहयोग एवं सक्रिय सहभागिता बनाए रखें।

केजीसीसीआई के इमीडिएट पास्ट प्रेसिडेंट, श्री अशोक बंसल ने नवनिर्वाचित अध्यक्ष, श्री विनीत कुमार संगल तथा वर्ष 2026-27 की नवगठित कार्यकारिणी को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ दीं। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि नई टीम अपने समर्पण, सक्रियता एवं दूरदर्शी नेतृत्व से चैम्बर को नई ऊँचाइयों तक पहुँचाने के साथ-साथ उद्योग एवं व्यापार जगत के हितों की प्रभावी ढंग से पैरवी करेगी।
उन्होंने वार्षिक आम सभा में उपस्थित सभी सदस्यों से आग्रह किया कि वे उद्योग एवं व्यापार से संबंधित अपनी समस्याओं से समय-समय पर चैम्बर को अवगत कराते रहें, ताकि उनका प्रभावी समाधान शासन एवं प्रशासन के समक्ष उठाया जा सके। साथ ही उन्होंने सदस्यों से चैम्बर द्वारा आयोजित विभिन्न सेमिनारों, वेबिनारों एवं अन्य कार्यक्रमों में सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करने का भी अनुरोध किया।
श्री बंसल ने अपने संबोधन में चैम्बर की उल्लेखनीय उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए बताया कि केजीसीसीआई ने उद्योगों से जुड़े अनेक महत्वपूर्ण मुद्दों, जैसे थर्ड पार्टी ऑडिट, मेथेनॉल से संबंधित समस्याएँ, वाटर टैक्स, पावर टैरिफ तथा पर्यावरणीय क्षतिपूर्ति (Environmental Compensation) जैसे विषयों को शासन एवं संबंधित विभागों के समक्ष प्रभावी रूप से उठाया और उनके समाधान की दिशा में महत्वपूर्ण सफलता प्राप्त की। उन्होंने कहा कि चैम्बर भविष्य में भी उद्योग एवं व्यापार जगत के हितों की रक्षा के लिए इसी प्रकार निरंतर प्रयासरत रहेगा।

श्री अनूप सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि कुमायूँ गढ़वाल चैम्बर ऑफ कॉमर्स एण्ड इण्डस्ट्री (केजीसीसीआई) केवल एक औद्योगिक संगठन ही नहीं, बल्कि विभिन्न क्षेत्रों के अनुभवी एवं विशेषज्ञ सदस्यों का सशक्त मंच है। उन्होंने कहा कि चैम्बर उद्योगों एवं व्यापार से जुड़े मुद्दों को तथ्यों, तर्कों एवं प्रभावी ढंग से शासन एवं प्रशासन के समक्ष प्रस्तुत करता है, जिसके परिणामस्वरूप संबंधित विभागों एवं अधिकारियों को उन पर गंभीरतापूर्वक विचार करना पड़ता है तथा उनके समाधान की दिशा में सकारात्मक पहल होती है।
उन्होंने कहा कि केजीसीसीआई की यह सशक्त पहचान और उपलब्धियाँ संगठन के सभी सदस्यों की एकजुटता, सक्रिय सहभागिता एवं सामूहिक प्रयासों का परिणाम हैं। उन्होंने सभी सदस्यों से भविष्य में भी इसी प्रकार संगठन को मजबूत बनाने एवं उद्योग जगत के हितों के लिए एकजुट होकर कार्य करने का आह्वान किया।

एडवोकेट श्री शकील अहमद सिद्दीकी ने अपने संबोधन में कहा कि कुमायूँ गढ़वाल चैम्बर ऑफ कॉमर्स एण्ड इण्डस्ट्री (केजीसीसीआई) की सबसे बड़ी शक्ति इसकी संगठनात्मक एकजुटता है। उन्होंने कहा कि जब सभी सदस्य एक मंच पर संगठित होकर कार्य करते हैं, तो उद्योग एवं व्यापार से जुड़ी जटिल से जटिल समस्याओं का भी प्रभावी एवं त्वरित समाधान संभव हो जाता है।
उन्होंने कहा कि चैम्बर की यही एकता, आपसी सहयोग एवं सामूहिक प्रयास इसे एक सशक्त औद्योगिक संगठन बनाते हैं। उन्होंने सभी सदस्यों से भविष्य में भी इसी प्रकार एकजुट रहकर उद्योग एवं व्यापार जगत के हितों की रक्षा तथा संगठन को और अधिक सशक्त बनाने में अपना सक्रिय योगदान देने का आह्वान किया।
इस अवसर पर चैम्बर के पूर्व अध्यक्ष, श्री विजय कुमार जिंदल एवं श्री विकास जिंदल, श्री देवेन्द्र कुमार अग्रवाल, श्री विशाल गर्ग, श्री पुनीत सिंघल, श्री राजेश कुमार सिंह, अनूप सिंह, श्री विक्रांत चैधरी, अमित गर्ग, एस ए सिद्दीकी, बाँके बिहारी गोयंका, आनन्द द्विवेदी, मुनेश बंसल, तनुज अग्रवाल, विनीत अग्रवाल, मान सिंह, के पी सिंह, निखिल गावा, डाॅ0 विजय कुमार चैहान, आर वी नायडू, जितेन्द्र गहतोड़ी, आर के गुप्ता, गौतम गुलाटी, राम दत्त भह्, राजेश यादव, संजीव तोमर, विनीत सरन, आकर्ष वर्मा, अक्षत मिड्ढा, संजीव कुमार, पुनीत सिंघल, अरविन्द सिंह, अश्वनी छाबड़ा, वी के पन्त, अभिषेक अग्रवाल, सुब्रत मण्डल, आयुष अग्रवाल, अर्पित सिंघल, संजय अग्रवाल, संजीव कुमार सिंह, राजीव जिंदल, संजीव जिंदल, आलोक अग्रवाल, आशीष अग्रवाल, अवनीश कुमार, दिनेश शर्मा, मनमोहन भारद्वाज, वेदांश जिंदल, अभिनव अग्रवाल, प्रियांशु अग्रवाल, बी पी गोयल, विनोद नारंग, अंकुर, अमित जिंदल, अमित बुधलाकोटि, मुकेश गौड़, मोहित देव, निखिल अग्रवाल, दीपक कुमार आर्य, विकास सिंह, प्रवीन कुमार तिवारी, शलभ अग्रवाल, संजीव शर्मा, सुधांशु जिंदल, रितेश अग्रवाल, तरुण बंसल एवं अन्य विभिन्न उद्यमी उपस्थित थे।









