KGCCI Delegation Meets SSP Udham Singh Nagar and Attends Buyer–Seller Meet & Saras Mela

आज दिनांक 20 फरवरी, 2026 को कुमायूँ गढ़वाल चैम्बर ऑफ कॉमर्स एण्ड इण्डस्ट्री के एक प्रतिनिधिमण्डल द्वारा ऊधम सिंह नगर के नवनियुक्त वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, श्री अजय गणपति, आईपीएस से उनके कार्यालय में बुके देकर शिष्टाचार भेंट की एवं उन्हें हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ प्रेषित की गयी। प्रतिनिधिमण्डल ने आशा व्यक्त की कि उनके कुशल नेतृत्व में जनपद में कानून-व्यवस्था और अधिक सुदृढ़ एवं प्रभावी होगी।

इस अवसर पर चैम्बर के निवर्तमान अध्यक्ष श्री अशोक बंसल ने चैम्बर की स्थापना, उसकी कार्यप्रणाली, औद्योगिक हितों के संरक्षण में निभाई जा रही सक्रिय भूमिका तथा क्षेत्र में औद्योगिक विकास को प्रोत्साहित करने हेतु किए जा रहे कार्यों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि चैम्बर उद्योगों और प्रशासन के बीच एक सशक्त सेतु के रूप में कार्य करता है तथा समय≤ पर उद्योगों की समस्याओं को संबंधित विभागों तक पहुँचाकर उनके समाधान हेतु सकारात्मक पहल करता है।

बैठक के दौरान औद्योगिक क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, श्रमिकों की सुरक्षा, रात्रिकालीन गश्त, एवं आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित पुलिस सहायता जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर सार्थक चर्चा हुई। श्री अशोक बंसल द्वारा अवगत कराया गया कि उद्योगों के सुचारु संचालन, निवेश के अनुकूल वातावरण एवं कानून-व्यवस्था की मजबूती हेतु पुलिस प्रशासन का निरंतर सहयोग मिलता है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक महोदय ने भी उद्योगों की सुरक्षा एवं शांतिपूर्ण औद्योगिक वातावरण बनाए रखने हेतु पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया । केजीसीसीआई के साथ जल्द ही बैठक करने का आश्वासन दिया।

चैम्बर के प्रतिनिधिमंडल में श्री आर. के. मिड्ढा, वरिष्ठ उपाध्यक्ष, श्री अशोक बंसल, निवर्तमान अध्यक्ष, श्री नितिन अग्रवाल, महासचिव, श्री अंकित बंसल, कोषाध्यक्ष, श्री अनुप कुमार सिंह, जोनल चेयरमैन, सिडकुल-पंतनगर, श्री संजीव तोमर, चेयरमैन-एच. आर. सब-कमीटी, श्री संजय सिंह, श्री नरेश घई, श्री संजय अदलखा उपस्थित रहे।

उसके बाद प्रतिनिधिमण्डल द्वारा होटल सोनिया प्रा0 लि0, रामपुर रोड, रुद्रपुर में आयोजित वाॅयर-सैलर मीट में सहभागिता की गई। इस अवसर पर विभिन्न उद्योगों, व्यापारिक प्रतिष्ठानों एवं उद्यमियों के मध्य आपसी संवाद स्थापित हुआ तथा व्यापारिक संभावनाओं, विपणन विस्तार एवं पारस्परिक सहयोग के विषय में विचार-विमर्श किया गया। प्रतिनिधिमंडल ने ऐसे आयोजनों को स्थानीय उद्योगों के प्रोत्साहन एवं नेटवर्किंग के लिए अत्यंत उपयोगी बताया।

तत्पश्चात प्रतिनिधिमंडल द्वारा गांधी पार्क, रुद्रपुर में आयोजित सरस मेला का भी भ्रमण किया गया। मेले में स्वयं सहायता समूहों, हथकरघा एवं ग्रामीण उद्यमियों द्वारा प्रदर्शित उत्पादों का अवलोकन किया गया तथा उनके प्रयासों की सराहना की गई।